टेस्टिंग में ही फव्वारा बनी 8.24 करोड़ की पानी की टंकी, मरम्मत के बाद भी लीकेज
बड़ागांव में हर घर जल योजना की गुणवत्ता पर उठे सवाल, दीवारों से निकलने लगा पानीस्थानीय लोगों ने की जांच और कार्रवाई की मांग
झांसी, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के सरकारी दावों की हकीकत बड़ागांव में बनी पानी की टंकी की टेस्टिंग में सामने आ गई। करीब 8.24 करोड़ रुपये की लागत से बनी टंकी में पानी भरते ही दीवारों से जगह-जगह रिसाव शुरू हो गया। हालात ऐसे हो गए कि पानी की टंकी फव्वारे जैसी नजर आने लगी। खास बात यह है कि पहले भी लीकेज मिलने पर मरम्मत कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद समस्या दोबारा सामने आ गई। इससे निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दरअसल, भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की हर घर जल योजना के तहत बड़ागांव में पानी की टंकी और पाइपलाइन का निर्माण कराया गया है। प्रदेश जल निगम नगरीय, झांसी की ओर से टंकी सहित पूरी पाइपलाइन पर करीब 824 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। कस्बे के हजारों लोगों को उम्मीद थी कि इससे पेयजल संकट दूर होगा, लेकिन टेस्टिंग में ही टंकी की पोल खुल गई।
मरम्मत के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति
टंकी से पानी रिसने की जानकारी पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों के मुताबिक, पहली बार टेस्टिंग में भी टंकी से पानी निकल रहा था। इसके बाद निर्माण एजेंसी ने मरम्मत कराई, लेकिन अब फिर कई स्थानों से रिसाव होने लगा है।
वार्ड नंबर दो के सभासद गौरव झारखड़िया ने व्यंग्य करते हुए कहा कि टंकी से गंगा, यमुना और सरस्वती तीनों नदियों का संगम हो गया है। निर्मल वर्मा ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गईं और लोग करीब दो साल से परेशानी झेल रहे हैं। अब टंकी से पानी मिलने की उम्मीद भी टूटती नजर आ रही है।
बिट्टू तिवारी ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। अनूप दुबे ने कहा कि बार-बार मरम्मत के बजाय लीकेज का स्थायी समाधान होना चाहिए। वहीं, स्थानीय महिला ने निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। विवेक कुशवाहा ने तंज कसते हुए कहा कि चार-पांच दिनों से टंकी से पानी की बारिश हो रही है।
गौरतलब है कि बुंदेलखंड में महोबा के चरखारी और ललितपुर में भी टंकियों के लीकेज के मामले सामने आ चुके हैं। जल निगम के अधिशासी अभियंता से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में अब टंकी की तकनीकी जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

