मतदाता सूची पर भ्रामक पोस्ट डालने वालों की खैर नहीं, 12 नवंबर से पुनरीक्षण शुरू
डीएम गौरांग राठी ने सोशल मीडिया पर अफवाहों का किया खंडन, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन; जिले में 1741 मतदेय स्थल निर्धारित
झांसी, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मतदाता सूची को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक दावों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने प्रेसवार्ता कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर प्रसारित गलत जानकारी का खंडन करते हुए अफवाह फैलाने वाले हैंडल्स के खिलाफ विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की समयसारणी भी जारी की।
डीएम ने बताया कि सोशल मीडिया पर इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन से संबंधित लोकमान्य तिलक कन्या इंटर कॉलेज मतदान केंद्र के मतदाता अफजल अहमद के पिता के नाम को लेकर भ्रामक पोस्ट की गई थी। प्रशासन ने मामले की जांच कराई तो दावा निराधार पाया गया। मतदाता सूची में अफजल अहमद और उनके पिता मोहम्मद इकबाल बेग का नाम सही दर्ज मिला। स्वयं मतदाता ने भी इसकी पुष्टि की है। डीएम ने कहा कि बिना तथ्यों की जांच किए भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
डीएम के अनुसार पुनर्गठन के बाद जिले में मतदेय स्थलों की संख्या 1762 से घटकर 1741 रह गई है। इनमें बबीना में 383, झांसी नगर में 440, मऊरानीपुर में 492 और गरौठा में 426 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। पुनरीक्षण कार्य के लिए 1741 बीएलओ, चार ईआरओ और 20 एईआरओ तैनात किए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। नया नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 और संशोधन के लिए फार्म-8 भरें। इसके लिए voters.eci.gov.in, ngsp.eci.gov.in, ECINET ऐप अथवा हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

