home page

(अपडेट) : सुकवा-ढुकवा बांध में मिले तीन युवकों के शव, मोटरसाइकिल के आधार पर हुई शिनाख्त

 | 
(अपडेट) : सुकवा-ढुकवा बांध में मिले तीन युवकों के शव, मोटरसाइकिल के आधार पर हुई शिनाख्त


झांसी, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बबीना थाना क्षेत्र के सुकवा-ढुकवा बांध में मंगलवार को तीन युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। तीनों के शव बांध के निचले हिस्से में पानी में उतराते मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया। बाद में मोटरसाइकिल के आधार पर पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, बांध में शव पड़े होने की सूचना संबंधित जेई ने बबीना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राहुल सिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर तीनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया। घटनास्थल के पास एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली, जिसका नंबर यूपी 93 बीएक्स 6089 बताया गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल के आधार पर जानकारी जुटाई और मृतकों के परिजनों तक सूचना पहुंचाई।

कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे परिजनों ने तीनों युवकों की शिनाख्त कर ली। मृतकों की पहचान राज पुत्र कमलेश कुमार निवासी पेंच मोहल्ला, सीपरी बाजार, रितेश परिहार पुत्र कोमल परिहार निवासी नगरा, थाना प्रेमनगर और नीरज पुत्र घनश्याम निवासी प्रेमनगर, झांसी के रूप में हुई है।

बताया गया कि मृतकों में एक युवक सीपरी बाजार थाना क्षेत्र और दो युवक प्रेमनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। इससे पहले दोनों थानों में युवकों की गुमशुदगी दर्ज होने की बात सामने आई थी।

एक साथ तीन युवकों के शव मिलने की खबर से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। तीनों युवक बांध में किन परिस्थितियों में पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई, इसका पुलिस पता लगा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया