झांसी में पहली बार 26 नवंबर से डॉ. कैलाशानंद जी के द्वारा मुक्ताकाशी मंच पर सात दिवसीय श्रीराम कथा
28 को भजन संध्या
झांसी, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी शहर में आगामी 26 नवंबर से सात दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। पहली बार झांसी में निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉक्टर स्वामी कैलाश आनंद गिरि महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराया जाएगा। कथा का आयोजन 26 नवंबर गुरुवार से 2 दिसंबर बुधवार 2026 तक राजा गंगाधर राव मुक्ताकाशी मंच पर होगा। प्रतिदिन दोपहर एक बजे से प्रभु इच्छा तक कथा का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन की जानकारी गुरुवार काे चरण सेवक एड.अनूप कुमार देहाती ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि यह धार्मिक आयोजन श्री ठाकुर जी महाराज की अनुकंपा से कराया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ 26 नवंबर को सुबह 10 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद विधिवत श्रीराम कथा का शुभारंभ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सात दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालु स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज के श्रीमुख से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों, मर्यादा और भक्ति से जुड़े प्रसंगों का श्रवण करेंगे।
आयोजन में 28 नवंबर शनिवार को विशेष आकर्षण रहेगा। इस दिन बुंदेलखंड की सुप्रसिद्ध गायिका कविता शर्मा द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। उनकी भजन प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भक्तिमय वातावरण बनेगा।
वहीं, कथा के समापन दिवस 2 दिसंबर बुधवार को दोपहर 12 बजे के बाद से कार्यक्रम स्थल पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने धर्मप्रेमी जनता से श्रीराम कथा में पहुंचकर धर्मलाभ लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
पत्रकार वार्ता में आकाश राय, रवि राय, सुमित राय, राहुल कुशवाहा, विक्रम गोस्वामी, उमाकांत सिंह, राजवीर यादव, शिवम, ईशान, विनीत श्रीवास्तव, उज्ज्वल शरण सिंह आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

