home page

बेतवा नदी उफान पर, सुकवा-डुकवा डैम से छोड़ा गया 90 हजार क्यूसेक पानी

 | 
बेतवा नदी उफान पर, सुकवा-डुकवा डैम से छोड़ा गया 90 हजार क्यूसेक पानी


झांसी, 04 सितंबर (हि.स.)। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और कैचमेंट एरिया में तेज बरसात के चलते बेतवा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। शुक्रवार सुबह छह बजे नदी का बहाव काफी तेज हो गया। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुकवा-डुकवा डैम से करीब 90 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस साल पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने से निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

बबीना क्षेत्र से होकर निकलने वाली बेतवा नदी पर स्थित सुकवा-डुकवा डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का बहाव तेज हो गया। प्रशासन ने नदी के आसपास के निचले इलाकों को अलर्ट कर दिया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

सुकवा-डुकवा क्षेत्र पिकनिक स्पॉट के रूप में भी प्रसिद्ध है। यहां बड़ी संख्या में लोग घूमने और नदी के किनारे समय बिताने पहुंचते हैं। पूर्व में नदी के तेज बहाव के कारण यहां हादसे भी हो चुके हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी के आसपास जाने और तेज बहाव वाले स्थानों पर उतरने से बचने की अपील की है।

डैम पर तैनात अवर अभियंता अमित कुमार सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण जलस्तर बढ़ा है। स्थिति को देखते हुए डैम से करीब 90 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया