home page

पीडीए अखिलेश यादव का चुनावी जुमला : साध्वी निरंजन ज्योति

 | 
पीडीए अखिलेश यादव का चुनावी जुमला : साध्वी निरंजन ज्योति


कहा-पीडीए की इतनी चिंता है तो झारखंड में आंदोलित छात्रों के साथ खड़े हों राहुल-अखिलेश

झांसी, 13 अगस्त (हि.स.)। पिछड़ा वर्ग आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने गुरुवार को झांसी के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) चुनावी जुमला है। चुनाव के बाद उन्हें किसी के उत्पीड़न से कोई मतलब नहीं रहता।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने की मांग होती रही, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर उसे अधिकार दिए। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि यदि पीडीए की इतनी चिंता है तो झारखंड में आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों के साथ भी खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड के मुद्दे पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव और डिंपल यादव को बोलना चाहिए।

राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी के सवाल पर साध्वी ने कहा कि उन्हें भी इस घटना का दर्द है और जिन लोगों ने गलतियां की हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई जारी है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जिनके पूर्वज राम मंदिर और मस्जिद को लेकर अलग-अलग बातें करते थे, आज वही राम-राम कर रहे हैं। उन्होंने आजम खां का नाम लेते हुए उनके पुराने बयानों पर भी निशाना साधा और कहा कि यह रामजी की कृपा है कि आज कुछ लोग राम का नाम ले रहे हैं।

प्रयागराज में पार्क को कब्रिस्तान बनाए जाने की शिकायत पर उन्होंने कहा कि यदि कहीं पार्क पर अवैध कब्जा हुआ है तो उसे हटाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था खराब थी और लोगों में भय का माहौल रहता था।

ओवैसी के उत्तर प्रदेश में सक्रिय होने पर उन्होंने कहा कि इससे भाजपा पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इसका असर किस पर पड़ेगा, यह संबंधित दल जाने।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया