भारी बारिश से फसलें बर्बाद, किसानों को शत-प्रतिशत मुआवजे की मांग
मुआवजे के लिए मुख्यमंत्री को विधायक रवि शर्मा ने लिखा पत्र
झांसी, 04 सितंबर (हि.स.)। बुंदेलखंड, विशेषकर झांसी जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश से किसानों की उड़द, मूंग और तिल की फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भरने और कई स्थानों पर फसलें जलमग्न होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इस समस्या को लेकर झांसी नगर विधायक रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को तत्काल राहत दिलाने और शत-प्रतिशत मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जनपद के अनेक गांवों में खेतों में पानी भर गया है। कई स्थानों पर खड़ी फसलें पूरी तरह पानी में डूब गई हैं। खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से उड़द, मूंग और तिल की फसल के सड़ने तथा दाना खराब होने की आशंका है। इससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
रवि शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड का अधिकांश किसान सीमांत और लघु श्रेणी का है तथा उसकी आजीविका मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है। प्राकृतिक आपदा के कारण ऐसे किसान परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो गई है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से पूरे झांसी जनपद में फसलों के नुकसान का शीघ्र सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को उनकी क्षति के आधार पर शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें प्राकृतिक आपदा से राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

