home page

झांसी : गांधी रोड स्थित पेंट गोदाम में दूसरे दिन तीसरी बार लगी आग

 | 
झांसी : गांधी रोड स्थित पेंट गोदाम में दूसरे दिन तीसरी बार लगी आग


झांसी : गांधी रोड स्थित पेंट गोदाम में दूसरे दिन तीसरी बार लगी आग


चार दमकलों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

झांसी, 29 जून (हि.स.)। शहर के व्यस्ततम गांधी रोड बाजार स्थित चौधरी पेंट के गोदाम में सोमवार को दूसरे दिन लगातार तीसरी बार आग लगने से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पेंट और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार देखकर आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए तुरंत मोर्चा संभाला। संकरी बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटों तक कड़ी मशक्कत करते हुए आखिरकार आग पर काबू पा लिया।

जानकारी के अनुसार गांधी रोड स्थित सुनील चौधरी के चौधरी पेंट गोदाम में रविवार दोपहर पहली बार आग लगी थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया था। इसके बाद सोमवार दोपहर एक बार फिर आग भड़क उठी, जिस पर फायर ब्रिगेड ने काबू पा लिया। हालांकि शाम होते-होते गोदाम से फिर धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने दोबारा विकराल रूप ले लिया। लगातार तीसरी बार आग लगने से व्यापारियों में चिंता और भय का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में पेंट, थिनर और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। बार-बार आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और आग बुझाने के बाद की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुख्य अग्नि शमन अधिकारी राजकिशोर राय ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया