home page

गड्ढामुक्त सड़क अभियान तेज करें, पात्र लोगों काे योजनाओं का लाभ पहुंचा जनप्रतिनिधियों काे दें जानकारी : प्रभारी मंत्री

 | 
गड्ढामुक्त सड़क अभियान तेज करें, पात्र लोगों काे योजनाओं का लाभ पहुंचा जनप्रतिनिधियों काे दें जानकारी : प्रभारी मंत्री


झांसी, 18 सितंबर (हि.स.)। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को जनपद में जल्द से जल्द गड्ढामुक्त सड़क अभियान चलाने और निर्माणाधीन पर्यटन परियोजनाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं और योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों से साझा करें।

कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर विद्युत अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार और समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी की पहल पर डीएमएफ से करीब 22 करोड़ रुपये से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्य कराए जाने की जानकारी दी गई। मॉडल कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, स्पोर्ट्स हब, डिजिटल लैब, एआई आधारित कार्य, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी पहलों की प्रभारी मंत्री ने सराहना की।

इसी दौरान ग्राम पंचायत सिमरावारी और नगर निगम के बीच एमओयू हुआ। इसके तहत ग्राम पंचायत से निकलने वाले कूड़े को नगर निगम द्वारा बिजौली सेंटर भेजकर निस्तारित किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में 27 कार्यक्रम होंगे। स्कूलों में भी कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को सम्मानित करने का सुझाव दिया। झांसी महोत्सव के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।

आवास योजनाओं की समीक्षा में उन्होंने आवास विहीन पात्र लोगों को जांच के बाद लाभ देने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज सहित सीएचसी-पीएचसी में डॉक्टरों के नाम, मोबाइल नंबर, विशेषज्ञता और मरीज देखने का समय साइन बोर्ड पर प्रदर्शित करने को कहा। बैठक से पूर्व सर्किट हाउस में कोर कमेटी की बैठक भी हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया