home page

झांसी : मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में महिला के शव का कान कीड़ों ने खाया, परिजनों का हंगामा

 | 
झांसी : मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में महिला के शव का कान कीड़ों ने खाया, परिजनों का हंगामा


झांसी, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी का मेडिकल कॉलेज एक बार फिर सुर्खियों में है। मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी में रखे एक महिला के शव की बदहाल स्थिति सामने आने से मंगलवार काे हड़कंप मच गया। पोस्टमॉर्टम के लिए पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि शव के दाहिने कान को कीड़ों ने खा लिया और मुंह व कान से बड़ी संख्या में कीड़े निकल रहे थे। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र की 24 वर्षीय पूजा पत्नी जितेंद्र का है, जिसकी सोमवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पूजा अपने पति जितेंद्र और चार वर्षीय बेटी राशि के साथ उरई से शादी समारोह से लौट रही थी। रात करीब 11 बजे मोठ थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पूजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और बेटी घायल हो गए।

मृतका के भाई मुकेश कुशवाहा ने बताया कि वह स्वयं बहन के शव को मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाकर गया था। उस समय शव पूरी तरह सुरक्षित था, लेकिन मंगलवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के लिए शव निकाला गया तो दाहिना कान क्षतिग्रस्त मिला और शरीर पर कीड़े रेंग रहे थे।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने मोर्चरी में साफ-सफाई और शवों के रखरखाव पर सवाल उठाते हुए अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव की फोटोग्राफी कर जांच शुरू कर दी।

वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने स्पष्ट किया कि यह मामला पोस्टमॉर्टम हाउस का नहीं, बल्कि मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी से संबंधित है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया