home page

झांसी में फिर सजेगा बुंदेलखंड का सबसे बड़ा जन्माष्टमी महोत्सव

 | 
झांसी में फिर सजेगा बुंदेलखंड का सबसे बड़ा जन्माष्टमी महोत्सव


इस्कॉन के 60वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में इस बार होगा और भव्य आयोजन

झांसी, 28 अगस्त (हि.स.)। इस्कॉन के विश्वव्यापी स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने के विशेष अवसर पर इस वर्ष झाँसी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को और भी बड़े एवं भव्य स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। पिछले वर्ष की सफलता के बाद इस्कॉन झाँसी 2 से 4 सितंबर तक क्राफ्ट मेला मैदान में बुंदेलखंड की सबसे बड़ी जन्माष्टमी लेकर तैयार है। महोत्सव में भक्ति के साथ युवा जोश, संगीत और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

2 सितंबर को 3,000 से अधिक युवाओं के साथ इंस्पिरेशन यूथ फेस्टिवल होगा, जिसमें दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का रैप, Back 2 Talent का डांस, नाट्य प्रस्तुति और वृन्दावन-नोएडा की टीम का मंत्रा रॉक प्रमुख आकर्षण होंगे।

3 सितंबर को भजन मैशअप पर लाइव डांस, महाभारत आधारित रैप, शाजिश बैंड की प्रस्तुति तथा हैदराबाद के कीर्तन रसिक द्वारा भजन क्लबिंग होगी।

4 सितंबर, जन्माष्टमी पर 108 कलशों से भगवान श्रीकृष्ण का भव्य महाभिषेक, छप्पन भोग और महाआरती होगी। महाभिषेक में हजारों भक्तों के सहभागी होने की विशेष व्यवस्था की गई है। 5 सितंबर को इस्कॉन संस्थापकाचार्य श्रील प्रभुपाद की व्यास पूजा के अवसर पर इस्कॉन मंदिर झाँसी में विशाल भंडारा होगा।

महोत्सव का शुभारंभ 29 अगस्त की हरिनाम संकीर्तन यात्रा से होगा। 29 अगस्त से 2 सितंबर तक वृन्दावन के केशव दास द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का रसास्वादन कराया जाएगा।

इस्कॉन अध्यक्ष ब्रज भूमि दास ने बताया कि झाँसी का इस्कॉन से ऐतिहासिक संबंध है और श्रील प्रभुपाद ने 1950 के दशक में यहाँ से अपने आध्यात्मिक आंदोलन के विस्तार का प्रयास किया था। उन्होंने बुंदेलखंडवासियों से परिवार सहित इस भव्य महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया।

आयोजन समिति में वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र राय, पीयूष रावत ,महेश सर्राफ, राजीव अग्रवाल, अशोक सेठ, अजय अग्रवाल, अन्योर दास, रमेश राय, मनीष नीखरा, आई.के पांडे, ललित मोहन दास, रचित अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, अभय जैन, करमवीर, दीपक सोनी, प्रफुल्ल सिंघल, परम आश्रय दास, जितेन्द्र राठौर, सौरभ अग्रवाल, उमेश लिटोरिया, वैभव अग्रवाल, अंकित राय, अंकुश त्रिपाठी, निमेष खन्ना, नीरज अग्रवाल, रूपक कनोडिया, मनीष यादव एवं भरत यादव शामिल हैं!

ब्रज भूमि दास, व्रज जन रंजन दास, प्रिय गोविन्द दास, श्याम विलास दास, महेश्वर चन्द्र दास, दामोदर बंधु दास एवं भक्त विपिन ने सभी बुंदेलखंड वासियों से परिवार सहित महोत्सव में पधारने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया