पानी से लबालब गहरी खदान में मिले पति-पत्नी के शव
पांच बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया, सात वर्षीय बेटी ने दादी को दी घटना की जानकारी
झांसी, 01 नवंबर (हि.स.)। झांसी-ललितपुर राजमार्ग स्थित बिजौली में शनिदेव मंदिर के पास पानी से लबालब भरी पत्थर की गहरी खदान में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी ने खदान में छलांग लगा दी। उसे डूबता देख पति भी बचाने के लिए खदान में कूद गया, लेकिन दोनों बाहर नहीं निकल सके। रविवार सुबह करीब नौ बजे सूचना मिलने पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों के शव बाहर निकलवाकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिए। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना प्रेमनगर क्षेत्र के बिजौली स्थित शनिदेव मंदिर के निकट पहाड़ी पर पत्थर की कई पुरानी और गहरी खदानें हैं। इनके आसपास करीब दो दर्जन से अधिक आदिवासी परिवार झोपड़ियां बनाकर रहते हैं। इन्हीं में शंकर आदिवासी (45) पुत्र किशोरी अपनी पत्नी गिरजा और बच्चों के साथ रहता था। जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद गिरजा ने पानी से भरी गहरी खदान में छलांग लगा दी। पत्नी को डूबता देख शंकर उसे बचाने के लिए खदान में कूद पड़ा, लेकिन दोनों की पानी में डूबकर मौत हो गई।
दंपति की सात वर्षीय बेटी गुल्लू ने देर रात जब माता-पिता को झोपड़ी में नहीं देखा तो अपनी दादी सोना (75) को इसकी जानकारी दी। परिजन रातभर दोनों को आसपास तलाशते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह करीब नौ बजे झोपड़ी के पास स्थित गहरी खदान में गिरजा का शव दिखाई दिया। इसके बाद बिजौली पुलिस चौकी को सूचना दी गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य भी जुटाए गए।
सूचना पर थाना प्रेमनगर प्रभारी शेर सिंह, चौकी प्रभारी विवेकानंद यादव, सीओ सदर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह तथा नायब तहसीलदार रिया गर्ग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पांच बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
दंपति की मौत से उनके पांच बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। इनमें अजय (17), देव (15), रागिनी (12), विजय (10) और गुल्लू (7) शामिल हैं। शंकर की पहली पत्नी सखी से भी दो बच्चे थे। इनमें बेटी नंदनी (20) की शादी हो चुकी है, जबकि एक बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार पर एक साथ टूटी इस विपदा से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पानी में डूबने से हुई दंपति की मौत : सीओ
सीओ सदर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह ने बताया कि शंकर की मां सोना ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका बेटा और बहू खदान में गिर गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की सहायता से दोनों शव बाहर निकलवाए और मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिए। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

