झांसी में तेज एलईडी और लेजर लाइट वाले वाहनों पर सख्ती, परिवहन व पुलिस का संयुक्त अभियान जल्द
झांसी, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में वाहनों पर नियमों के विरुद्ध लगाई जा रही तेज रोशनी वाली अतिरिक्त एलईडी, लेजर और अन्य चकाचौंध पैदा करने वाली लाइटों के खिलाफ परिवहन विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त विशेष अभियान चलाएंगे। एआरटीओ हेमचंद गौतम ने रविवार काे बताया कि रात्रि चेकिंग के दौरान यह पाया गया है कि कई वाहन स्वामी अपनी कारों, जीपों, थार और अन्य वाहनों में फैक्ट्री से लगी मानक लाइटों के अतिरिक्त अत्यधिक तीव्र प्रकाश वाली लाइटें लगवा रहे हैं, जो सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन अतिरिक्त लाइटों की वजह से रात में सामने से आने वाले वाहन चालकों की आंखों पर तेज चकाचौंध पड़ती है। इससे वाहन चलाने में कठिनाई होती है और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के अनुसार इस प्रकार की अनधिकृत लाइटें लगाना अनुमन्य नहीं है।
एआरटीओ ने बताया कि जल्द ही परिवहन विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। अभियान के दौरान फैक्ट्री फिटेड व्यवस्था से अलग प्रतिबंधित या अतिरिक्त लाइटें लगाने वाले वाहन स्वामियों के चालान किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर इन लाइटों को मौके पर हटाया जाएगा और मोटर वाहन अधिनियम के तहत अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि केवल वाहन मालिक ही नहीं, बल्कि ऐसी लाइटों की फिटिंग करने वाले गैरेज, एक्सेसरी शॉप और वाहन डीलरों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होगी।
हेमचंद गौतम ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की कि वे अपने वाहनों से अनधिकृत एवं चकाचौंध पैदा करने वाली अतिरिक्त लाइटों को तुरंत हटवा लें और केवल निर्माता द्वारा स्वीकृत मानक प्रकाश व्यवस्था का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है और एक छोटा-सा जिम्मेदार कदम किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

