home page

गांधी-शास्त्री जयंती पर जिलाधिकारी ने सफाई कर्मियों के साथ किया ध्वजारोहण

 | 
गांधी-शास्त्री जयंती पर जिलाधिकारी ने सफाई कर्मियों के साथ किया ध्वजारोहण


गांधी-शास्त्री जयंती पर जिलाधिकारी ने सफाई कर्मियों के साथ किया ध्वजारोहण


गांधी-शास्त्री जयंती पर जिलाधिकारी ने सफाई कर्मियों के साथ किया ध्वजारोहण


झांसी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सफाई कर्मचारियों सुरेंद्र, सूर्या और राजेश कुमार के साथ सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद गांधी और शास्त्री के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए।

नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, स्वच्छता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि विवाद की स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देने के बजाय संयम बरतने से गंभीर परिस्थितियों को टाला जा सकता है। उन्होंने शास्त्रीजी को सादगी और दृढ़ नेतृत्व की मिसाल बताते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

डीएम ने कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों को सेवा भाव के साथ काम करना चाहिए। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान और सेवा पखवाड़े के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों समेत अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। कारगिल युद्ध में शहीद सैनिक की धर्मपत्नी को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी ने क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और समय से दवा लेने की सलाह दी। जिला कारागार में बंदियों व बच्चों को फल-मिष्ठान वितरित किए और बच्चों को खिलौने दिए। कुष्ठ आश्रम में मरीजों को फल व निःशुल्क दवाएं वितरित करते हुए सीएमओ को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए कैंप आयोजित कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में अधिकारियों की मौजूदगी में राजकीय सूरज प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रामधुन और गांधीजी के जीवन पर आधारित गीत प्रस्तुत किए।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया