विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, झांसी रेंज के 61 इंस्पेक्टरों के तबादले
तीनों जिलों में बदले गए पुलिस निरीक्षक, चुनाव आयोग की तीन साल की तैनाती नीति के तहत हुई कार्रवाई
झांसी, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच झांसी रेंज के पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। झांसी, जालौन और ललितपुर में तैनात 61 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) का एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरण किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक, झांसी रेंज की ओर से जारी तबादला आदेश के बाद तीनों जिलों के पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। इस फेरबदल का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था को निष्पक्ष और प्रभावमुक्त बनाए रखना है।
दरअसल, चुनाव आयोग की तीन साल की तैनाती संबंधी नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है। आयोग के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, जिन पुलिस अधिकारियों ने किसी जिले अथवा विधानसभा क्षेत्र में निर्धारित अवधि से अधिक समय तक तैनाती पूरी कर ली है, उन्हें वहां से हटाकर दूसरे जिले में भेजा जाना अनिवार्य है।
लखनऊ मुख्यालय से जारी हुए थे निर्देश
पुलिस मुख्यालय की स्थापना शाखा, लखनऊ की ओर से 29 अक्टूबर को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए थे। इसके अनुपालन में झांसी रेंज कार्यालय ने 30 अक्टूबर को कार्ययोजना तैयार की। इसके बाद झांसी, जालौन और ललितपुर में तैनात निरीक्षकों के सेवाकाल और पूर्व तैनाती का रिकॉर्ड खंगाला गया। निर्धारित मानकों के आधार पर तबादला सूची को अंतिम रूप दिया गया।
31 मई 2027 रखी गई कटऑफ डेट
चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया के लिए 31 मई 2027 को कटऑफ डेट निर्धारित किया है। इसके तहत पिछले चार वर्षों में किसी एक जिले अथवा विधानसभा क्षेत्र में तीन साल का कार्यकाल पूरा करने वाले निरीक्षकों को स्थानांतरित किया जाना है। इसके अलावा ऐसे अधिकारी भी इस दायरे में आए हैं, जो पूर्व में चुनावी प्रक्रिया के दौरान संबंधित क्षेत्र में तैनात रहे हैं। इसका उद्देश्य चुनाव के समय स्थानीय प्रभाव, पक्षपात और किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि की आशंका को समाप्त करना है।
किस जिले से कहां भेजे गए निरीक्षक
तबादला आदेश के तहत झांसी से 36 निरीक्षकों को जालौन और ललितपुर भेजा गया है। जालौन से 20 निरीक्षकों को झांसी और ललितपुर स्थानांतरित किया गया है। वहीं ललितपुर से 13 निरीक्षकों को झांसी और जालौन में नई तैनाती दी गई है।
इस फेरबदल में झांसी से ललितपुर भेजे गए निरीक्षकों में अतुल कुमार लखेरा, प्रमोद कुमार यादव, चंद्रशेखर दुबे, तुलसीराम पांडेय, चंद्रपाल सरोज, विनय कुमार दिवाकर, सुदीप कुमार और अमरनाथ यादव समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं। वहीं जालौन से झांसी आने वालों में वीरेंद्र सिंह यादव, वीरेंद्र कुमार पटेल, जगदंबा प्रसाद दुबे, अनिल कुमार और अजय ब्रह्म तिवारी प्रमुख हैं।
ललितपुर से झांसी भेजे गए निरीक्षकों में स्वास्तिक तिवारी, मनोज मिश्रा, रमेश चंद्र मिश्रा, शावेज खान और कृष्ण देव यादव समेत अन्य नाम शामिल हैं। इसके अलावा दोनों जिलों के बीच भी निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है।
इस बड़े फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित करने की महत्वपूर्ण कवायद माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

