home page

खनन की कमाई से गांवों में विकास की बिछेगी बुनियाद

 | 
खनन की कमाई से गांवों में विकास की बिछेगी बुनियाद


खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सामाजिक विकास को मिलेगी रफ्तार

डीएमएफ से 22 करोड़ के विकास कार्य मंजूर, सुविधाएं होंगी मजबूत

झांसी, 17 सितंबर (हि.स.)।

खनन प्रभावित क्षेत्रों में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) से 22 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने गुरुवार को जूम बैठक के माध्यम से डीएमएफ की शासी परिषद एवं प्रबंधन समिति द्वारा अनुमोदित कार्यों की समीक्षा की और कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने बताया कि खनन प्रभावित गांवों में प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, आंगनबाड़ी कक्ष, सोलर पैनल, खेल मैदान व ओपन जिम विकसित किए जाएंगे। जीआइसी झांसी में स्मार्ट क्लास तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में मिशन शक्ति के तहत उच्चीकरण व सुदृढ़ीकरण के कार्य भी होंगे। सैनिक स्कूल झांसी में पानी की समस्या के समाधान के लिए पानी की टंकी और आशा स्कूल बबीना में आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

सदर, मोंठ, टहरौली, गरौठा व मऊरानीपुर के खनन प्रभावित क्षेत्रों में संपर्क मार्ग और सामुदायिक केंद्र भी बनाए जाएंगे। अवैध खनन-परिवहन पर निगरानी के लिए नाइट विजन ड्रोन और डीजीपीएस उपकरण खरीदे जाएंगे। डीएम ने गुणवत्ता में कमी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

ज़ूम मीटिंग में अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व पल्लवी मिश्रा , जिला खनिज अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारीगण शामिल रहे।

अस्पतालों में मिलेंगे नए उपकरण

स्वास्थ्य सेवाओं के तहत मेडिकल कॉलेज में दो हाई पावर लिफ्ट, जिला अस्पताल व महिला चिकित्सालय में चिकित्सा उपकरण तथा गुरसराय, चिरगांव, बंगरा, बड़ागांव, मऊरानीपुर और बबीना सीएचसी में डेंटल चेयर व अन्य उपकरण लगाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया