home page

बुवि : स्वाद, सेहत और नवाचार का संगम बना विश्व खाद्य दिवस समारोह

 | 
बुवि : स्वाद, सेहत और नवाचार का संगम बना विश्व खाद्य दिवस समारोह


रागी कुकीज और हाई-प्रोटीन सोया पनीर टिक्की ने बटोरीं सराहना, आदित्य और हर्षा बने फूडप्रेन्योर ऑफ द ईयर

झांसी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में विश्व खाद्य दिवस समारोह का शुक्रवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने पौष्टिक व्यंजनों के साथ खाद्य प्रसंस्करण और नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाई। रागी कुकीज, हाई-प्रोटीन सोया पनीर टिक्की और ज्वार इडली जैसे व्यंजनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वस्थ खानपान और स्वरोजगार की संभावनाओं को प्रस्तुत किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी एवं आईईटी के खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से ‘इनोवेट टुडे, नरिश टुमॉरो’ थीम पर समारोह आयोजित किया गया। अंतिम दिन खाद्य सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। इंजीनियरिंग संकाय के अधिष्ठाता प्रो. एमएम सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रो. शिव कुमार कटियार मौजूद रहे। इसके बाद जरूरतमंदों को वस्त्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय और वित्त अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने आयोजन की सराहना करते हुए प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी। आईईटी के निदेशक एवं इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी के विभागाध्यक्ष प्रो. डीके भट्ट ने कहा कि खाद्य सुरक्षा, पोषण और उद्यमिता वर्तमान समय की प्रमुख आवश्यकताएं हैं। युवाओं के नवाचार खाद्य क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान करने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं।

रागी कुकीज और सोया टिक्की ने जीता पहला स्थान

फूड स्टॉल प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय वर्ष के सूरज गुप्ता, अमित अहिरवार एवं अभिषेक की रागी कुकीज को प्रथम स्थान मिला। जिंजर कैंडी दूसरे और पीनट कतली तीसरे स्थान पर रही। पाक-कला प्रतियोगिता में एमएससी अंतिम वर्ष की अंशिका नामदेव एवं प्रिंसी डांगी की हाई-प्रोटीन सोया पनीर टिक्की विजेता बनी। ज्वार इडली को दूसरा और लौकी स्पैगेटी को तीसरा स्थान मिला।

फूडरील प्रतियोगिता में अनमोल, कर्णिका एवं अंशिका की टीम तथा पोस्टर प्रस्तुतीकरण में विशाल मणि त्रिपाठी और श्रद्धा मणि त्रिपाठी विजेता रहे। रंगोली प्रतियोगिता में प्रियांशी गुप्ता, निधि सिंह, श्रद्धा मणि त्रिपाठी एवं छाया सिंह की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया।

आदित्य और हर्षा को मिला विशेष सम्मान

बीटेक खाद्य अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी के आदित्य सिंह और हर्षा को ‘फूडप्रेन्योर ऑफ द ईयर 2026’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फूडआईक्यू प्रश्नोत्तरी में खुशी पांडे, आदित्य सिंह, सौंदर्या आर्या एवं अरुणिमा द्विवेदी की टीम प्रथम रही। फूडटून्स प्रतियोगिता में अरुणिमा द्विवेदी एवं सौंदर्या आर्या ने बाजी मारी।

आयोजन के समन्वय में विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सहयोग किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में शिक्षकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में पौष्टिक आहार, खाद्य सुरक्षा, रचनात्मकता और उद्यमशीलता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया