home page

पं. दीनदयाल जयंती पर बुवि में आयोजित होगा विकास चेतना पर्व एवं सम्मान समारोह-2026

 | 
पं. दीनदयाल जयंती पर बुवि में आयोजित होगा विकास चेतना पर्व एवं सम्मान समारोह-2026


सामाजिक क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवा के लिए अभय महाजन होंगे सम्मानित

साहित्यकार त्रिभुवन नाथ शुक्ल को पुस्तक पं. दीनदयाल उपाध्याय विचार कोश के प्रकाशन को 21 हजार रुपये की धनराशि

झांसी, 24 सितंबर (हि.स.)। पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में 25 सितंबर को विकास चेतना पर्व एवं सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे गांधी सभागार में होगा। समारोह में पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, दर्शन और राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि अखिल भारतीय संयोजक,स्वदेशी जागरण मंच कश्मीरी लाल होंगे। समारोह में पं. दीनदयाल उपाध्याय शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन को सामाजिक क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवा, समर्पण, स्वावलंबन, सामाजिक समरसता और समाज विकास के लिए सम्मानित किया जाएगा।

साहित्यकार त्रिभुवन नाथ शुक्ल को पं. दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर आधारित उनकी पुस्तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय विचार कोश के प्रकाशन के लिए 21 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम संयोजक प्रो. मुन्ना तिवारी ने बताया कि विकास चेतना पर्व में सामाजिक एवं आर्थिक विकास, स्वावलंबन, स्वदेशी, ग्राम विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन अंत्योदय, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भरता पर केंद्रित रहा। समारोह के माध्यम से इन विचारों को वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों से जोड़कर विद्यार्थियों और शोधार्थियों के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि युवाओं को पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से जोड़ने के लिए आगामी एक वर्ष तक व्याख्यानमाला आयोजित की जाएगी। साथ ही निबंध, प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा।

समारोह में कुलसचिव ज्ञानेन्द्र कुमार, वित्त अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह और परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन पं. दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ द्वारा किया जाएगा। स्वदेशी जागरण मंच कानपुर प्रांत समेत विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थान सहयोगी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया