home page

नीरजा गुप्ता बनीं भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष, प्रवेश शर्मा को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी

 | 
नीरजा गुप्ता बनीं भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष, प्रवेश शर्मा को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी


झांसी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। काफी प्रतीक्षा के बाद भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में महिला मोर्चा की नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। नीरजा गुप्ता को भाजपा झांसी महानगर महिला मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रवेश शर्मा को महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नीरजा गुप्ता की नियुक्ति से वैश्य समाज को संगठन में प्रतिनिधित्व मिलने की बात कही जा रही है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी के साथ महिला मोर्चा संगठन को और मजबूत करने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर भाजपा झांसी जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, मनोज राजपूत, अशोक राजपूत और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने नीरजा गुप्ता और प्रवेश शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ेगी।

पार्टी नेताओं ने कहा कि महिलाओं को संगठन में सक्रिय भूमिका देने से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती मिलेगी। नई जिम्मेदारियों के साथ महिला मोर्चा आगामी कार्यक्रमों और अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। कार्यकर्ताओं ने दोनों पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने में सहयोग का भरोसा दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया