रेलवे स्टेशनों पर गूंजेगा जागरूकता गीत, नन्हे कलाकार देंगे सुरक्षा और स्वच्छता का संदेश
झांसी, 22 जुलाई (हि.स.)। रेल यात्रियों को सुरक्षा, स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिक होने का संदेश देने के लिए भारतीय रेलवे ने एक अनोखी पहल शुरू की है। जल्द ही रेलवे स्टेशनों पर विशेष रेल जागरूकता गीत सुनाया जाएगा, जिसके माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित यात्रा और रेलवे संपत्ति के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस पहल की खास बात यह है कि इस प्रेरक गीत को दो नन्हे कलाकारों ने अपनी आवाज़ और रचनात्मक सोच से तैयार किया है। 9 वर्षीय आरव और 13 वर्षीय असित, जो “साई बंधु” के नाम से जाने जाते हैं, ने इस गीत को स्वर दिया है। अपनी मधुर प्रस्तुतियों के लिए पहचान बना चुके दोनों भाइयों ने गीत के जरिए यात्रियों से रेलवे की संपत्ति की रक्षा करने, ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसी घटनाओं से बचने, स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
गीत के बोल हैं-
सुनो देश के वासियों जागो और जगाओ, भारतीय रेल को सुरक्षित स्वच्छ बनाओ, सुरक्षित सफर का संकल्प उठाओ, ट्रेनों पर पत्थर कभी ना चलाओ, सतर्क रहो और सबको समझाओ, किसी अनजान व्यक्ति से कुछ ना खाओ, कूड़ा कचरा इधर-उधर ना फैलाओ, स्वच्छ रहे रेल हमारी यह संदेश फैलाओ।
रेलवे का मानना है कि संगीत के माध्यम से दिया गया संदेश लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचता है। इसी उद्देश्य से इस गीत का प्रसारण रेलवे स्टेशनों पर किया जाएगा, ताकि यात्रियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित हो और रेल यात्रा अधिक सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुखद बन सके।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने कहा कि इस तरह के रचनात्मक प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की सहभागिता इस अभियान को और भी प्रेरणादायक बनाती है। उन्हें विश्वास है कि यह जागरूकता गीत यात्रियों तक सुरक्षा और स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाएगा तथा सभी मिलकर रेलवे परिसर को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित बनाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

