नशा मुक्ति के संकल्प के साथ शुरू हुआ अटल स्मृति कप, 30 नवंबर तक चलेगा अंतर-मंडल क्रिकेट टूर्नामेंट
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए रानी दुर्गावती और महारानी लक्ष्मीबाई इलेवन के बीच हुआ विशेष मुकाबला 12 मंडलों की टीमें ले रही हिस्सा
झांसी, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से 'अटल स्मृति कप' अंतर-मंडल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ हुआ। भारतीय जनता पार्टी झांसी महानगर एवं गुड मॉर्निंग टीम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 24 से 30 नवंबर तक चलेगी। टूर्नामेंट की थीम 'नशा मुक्ति संकल्प' रखी गई है। इसमें भाजपा महानगर के 12 मंडलों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
मंगलवार शाम 4:30 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी गौरांग राठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान नशा मुक्ति अभियान के तहत हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को जागरूक करने की शपथ दोहराई। प्रतियोगिता में युवाओं का उत्साह देखते ही बना।
महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के लिए पहले दिन महिला मोर्चा की दो टीमों रानी दुर्गावती इलेवन और महारानी लक्ष्मीबाई इलेवन के बीच विशेष मुकाबला आयोजित किया गया। इसके बाद सदर बाजार मंडल और शहर मंडल की टीमों के बीच मुकाबला हुआ।
प्रतियोगिता में नॉकआउट और फाइनल लीग का मिश्रित प्रारूप अपनाया गया है। सात दिनों में कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रारंभिक दौर के बाद सेमीफाइनल और फिर तीन शीर्ष टीमों के बीच राउंड रॉबिन आधार पर फाइनल लीग होगी। प्रत्येक जीत पर दो अंक मिलेंगे तथा बराबरी की स्थिति में नेट रन रेट से विजेता का फैसला होगा। 30 नवंबर को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान मुकेश मिश्रा, आशीष उपाध्याय, सौरभ बाजपेई, प्रमोद शिवहरे, अरुण साहू, अमित साहू, दुष्यंत चतुर्वेदी, रोहित पांडेय, आशीष बिलैया, राशि साहू, अमित यादव, अवधेश शर्मा, गीतमाला गुप्ता, मंगलम दुबे, पुष्पेंद्र सिंह, नवनीत दीक्षित, आरएन उपाध्याय, सुनील भदौरिया, धीरज गोस्वामी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

