home page

धनतेरस-दीपावली पर बाजारों में बढ़ेगी पुलिस की चौकसी, सर्राफा बाजारों पर विशेष नजर

 | 
धनतेरस-दीपावली पर बाजारों में बढ़ेगी पुलिस की चौकसी, सर्राफा बाजारों पर विशेष नजर


एडीजी ने की अपराधों की समीक्षा

झांसी, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के

झांसी में आगामी धनतेरस और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को झांसी पहुंचीं अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने रिजर्व पुलिस लाइन में झांसी रेंज के पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की।

उन्होंने बाजारों, विशेषकर सर्राफा बाजारों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

पुलिस लाइन पहुंचने पर एडीजी को गार्द द्वारा सलामी देकर स्वागत किया गया। इसके बाद सभागार में आयोजित समीक्षा गोष्ठी में पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि सहित रेंज के विभिन्न जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्षेत्राधिकारी और झांसी जनपद के थाना प्रभारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, लंबित मुकदमों, विवेचनाओं के निस्तारण, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध और जनशिकायतों के निस्तारण की बिंदुवार समीक्षा की गई। एडीजी ने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने तथा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। थानों पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण करने और पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा।

त्योहारों की सुरक्षा को लेकर एडीजी ने बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित पैदल गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा अतिक्रमण हटवाकर आवागमन सुगम बनाने को भी कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों का पालन करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया