home page

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : अपर मुख्य सचिव

 | 
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : अपर मुख्य सचिव


जिला महिला व पुरुष अस्पताल सहित बबीना प्रभारियों के कसे पेंच

झांसी में स्टेट रिव्यू मिशन बैठक, डॉक्टरों की तैनाती के निर्देश

झांसी, 15 अप्रैल (हि.स.)। अपर मुख्य सचिव, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा उत्तर प्रदेश शासन अमित कुमार घोष की अध्यक्षता में बुधवार को कमिश्नरी सभागार में चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्टेट रिव्यू बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रमुख रूप से (आईएएस) सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग पिंकी जोवल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य कार्यों की समीक्षा के साथ ही कई अधिकारियों के पेंच कसते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की हिदायत दी।

अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर पर एमबीबीएस चिकित्सकों की तैनाती तत्काल सुनिश्चित की जाए और वेटिंग लिस्ट भी तैयार रखी जाए, ताकि किसी भी स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

बैठक में झांसी मण्डल में स्वास्थ्य सेवाओं के मासिक मूल्यांकन की नई व्यवस्था को पूरे प्रदेश में लागू करने की बात कही गई। बेसिक लाइफ सपोर्ट ट्रेनिंग और नवाचारों की सराहना करते हुए बेहतर कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।

पिंकी जोवल ने स्पष्ट कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आयुष्मान आरोग्य मंदिर समय से खुलें, बंद मिलने पर कार्रवाई की जाए। निजी नर्सिंग होम का नवीनीकरण नियमों के तहत ही किया जाए।

अधिकारियों को टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में महानिदेशक चिकित्सा डॉ पवन कुमार अरुण, महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ एच.डी. अग्रवाल, महानिदेशक प्रशिक्षण डॉ रचना खरे, मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे सहित स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों, सीएमओ, सीएमएस व स्टेट टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

100 बेड कैंसर विंग पर हुआ मंथन

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि झांसी जैसे महत्वपूर्ण जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मण्डलीय चिकित्सालय के विस्तार की आवश्यकता है। इस दौरान 100 बेड के कैंसर विंग स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। मण्डलायुक्त ने इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

जिला अस्पताल महिला व पुरुष समेत बबीना को फटकार

अपर मुख्य सचिव ने बुधवार को समीक्षा बैठक में केवल स्वास्थ्य कार्यो की समीक्षा ही नहीं की,बल्कि उनके पैच भी कसे। उन्होंने जिला अस्पताल महिला व पुरुष के सीएमएस व बबीना के प्रभारियों को अव्यवस्थाओं को लेकर फटकार लगाई। जिला अस्पताल में चूहों को लेकर चिंता व्यक्त की। साथ ही स्वच्छता को लेकर भी आगाह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया