home page

कार की टक्कर से ऑटो बना आग का गोला, चार झुलसे

 | 
कार की टक्कर से ऑटो बना आग का गोला, चार झुलसे


20 फीट ऊंची उठीं लपटें, हादसे के बाद कार छोड़कर चालक फरार

झांसी, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित सदर बाजार थाना क्षेत्र में हंसारी रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार हुंडई वरना कार ने सीएनजी ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो आग का गोला बन गया और करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। हादसे में ऑटो चालक समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

बबीना के रसोई गांव निवासी ऑटो चालक कुमेर यादव (50) ने बताया कि वह ऑटो में पांच सवारियां लेकर बबीना से झांसी आ रहा था। हंसारी रेलवे क्रॉसिंग के पास सामने से आ रही वरना कार रॉन्ग साइड में आ गई और ऑटो में टक्कर मार दी। कार ऑटो को करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद ऑटो में तत्काल आग लग गई। दो युवक टक्कर के बाद बाहर गिर गए, जबकि अन्य लोग किसी तरह ऑटो से बाहर निकले।

हादसे में कुमेर यादव, खैलार निवासी राजीव (31), बबीना के राजा का तालाब निवासी फूला देवी (70) और सीपरी बाजार क्षेत्र की आईटीआई कॉलोनी निवासी सविता नागर (44) घायल हुईं। सविता बबीना एमएच हॉस्पिटल में वार्ड सहायिका हैं और नाइट ड्यूटी के बाद घर लौट रही थीं।

सविता ने बताया कि टक्कर के बाद वह ऑटो से बाहर गिर गईं। ऑटो में भीषण आग लगी थी और लोग चिल्लाकर भागने के लिए कह रहे थे, लेकिन पैर झुलसने के कारण वह दौड़ नहीं सकीं। वह घिसटते हुए करीब 20 मीटर दूर पहुंचीं। इसके बाद दो युवकों ने उन्हें उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

सूचना पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जल चुका था। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया