home page

झांसी में अतीक अहमद के दो बेटों का एक ही पोस्टमार्टम हाउस में हुआ 'पोस्टमार्टम'

 | 
झांसी में अतीक अहमद के दो बेटों का एक ही पोस्टमार्टम हाउस में हुआ 'पोस्टमार्टम'


झांसी, 06 अगस्त (हि.स.)।

माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ा एक ऐसा संयोग सामने आया है, जिसने कई लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। अतीक अहमद के दो बेटों असद अहमद और आबान अहमद का पोस्टमार्टम एक ही पोस्टमार्टम हाउस में हुआ।

इससे पहले 13 अप्रैल 2023 को उत्तर प्रदेश एसटीएफ के साथ हुए एनकाउंटर में अतीक अहमद के तीसरे नंबर के बेटे असद अहमद की मौत हो गई थी। इसके बाद उसका पोस्टमार्टम झांसी मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में कराया गया था।

अब गुरुवार को अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई।

हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां उसका भी पोस्टमार्टम झांसी के उसी पोस्टमार्टम हाउस में कराया गया।

इस तरह करीब तीन वर्ष के अंतराल में अतीक अहमद के दो बेटों का पोस्टमार्टम एक ही स्थान पर होना एक असामान्य संयोग माना जा रहा है। असद की मौत पुलिस एनकाउंटर में हुई थी, जबकि अबान की जान सड़क दुर्घटना में गई।

पोस्टमार्टम के बाद अबान का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार के सदस्य उसे अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज ले गए। इस बीच सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अस्पताल परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा।

वहीं, आबान की मौत के बाद उसके जेल में बंद भाइयों को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मिलने को लेकर भी चर्चा बनी हुई है, हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।

अजहम की अपील, भाइयों को अंतिम संस्कार में होने दें शामिल

माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी एक अहम घटना गुरुवार को झांसी में सामने आई। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद के शव को लेने के लिए उसका भाई अजहम अहमद झांसी पहुंचा। झांसी पहुंचने पर अजहम अहमद ने मीडिया से बातचीत करते हुए भावुक अपील की कि उसके दोनों भाई, जो वर्तमान में जेल में बंद हैं, उन्हें आबान के अंतिम संस्कार (मिट्टी) में शामिल होने की अनुमति दी जाए। उसने कहा कि परिवार इस कठिन समय से गुजर रहा है और मानवीय आधार पर भाइयों को अंतिम विदाई देने का अवसर मिलना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया