home page

अब स्मार्ट फोन की तर्ज पर रखना होगा स्मार्ट मीटर को चार्ज

 | 
अब स्मार्ट फोन की तर्ज पर रखना होगा स्मार्ट मीटर को चार्ज


--नेगेटिव बैलेंस होने पर तीन बार मैसेज के बाद कट जाएगी बिजली

झांसी, 30 मार्च (हि.स.)। स्मार्ट मीटर, स्मार्ट उपभोक्ता और स्मार्ट प्रदेश। कुल मिलाकर स्मार्ट सिटी में अब प्रीपेड मोबाइल की तर्ज पर प्रीपेड मीटर रिचार्ज करने के लिए आम जन मानस को तैयार किया जा रहा है। मोबाइल की तर्ज पर अब बिजली के मीटर को भी महीने की समाप्ति से पहले रिचार्ज करना होगा।

यही नहीं, यदि नैगेटिव बिलिंग होगी तो आटोमेटिक विद्युत संयोजन कट जाएगा। इससे पूर्व उपभोक्ता को तीन मैसेज भी भेजे जाएंगे। कुल मिलाकर अब विद्युत चोरी पर पूरी तरह से शिकंजा कसने की तैयारी कर ली गई है। उपभोक्ताओं को जागरुक करने के लिए बिजली विभाग पूरी ताकत के साथ जुटा हुआ है। इस संबंध में सोमवार को विकास भवन में एक प्रेसवार्ता भी आयोजित की गई।

प्रबन्ध निदेशक दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड नीतेश कुमार ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि डोर टू डोर जागरूकता अभियान चलाने के लिए टीम बनाई है। साथ ही उपभोक्ता को जागरुक करने के लिए वीडियो क्लिप भी बनाई है। जिसके द्वारा यह समझाया जा सके कि किस तरह से स्मार्ट मीटर का रिचार्ज करना है। कैसे उसकी नैगेटिव बिलिंग की मैसेजिंग को देखना है। इसका एप या वेवसाइट भी डाउनलोड करके आप उसके माध्यम से बिल जमा करा सकते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि आपका बिल मान लो नेगेटिव 3 हजार बता रहा है और पुराना बकाया 10 हजार है तो इसमें आपको 300 एरियर और 3000 हजार बिल के जमा करने पर आपका मीटर चल पड़ेगा।

एक सवाल के जबाब में उन्होंने बताया कि ऐसा नहीं है कि पुराने तरीकोें को हटा दिया जाएगा। वे सारे तरीके भी चलते रहेंगे। इसके साथ ही स्मार्ट तरीके भी अपनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगवाने का एक और फायदा यह भी है कि सौर उर्जा प्लांट में भी यह लाभदायक है उसके लिए भी अलग से कुछ नहीं करना होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया