home page

स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ा असंतोष, सांसद और विधायक ने लिखे मुख्यमंत्री को पत्र

 | 
स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ा असंतोष, सांसद और विधायक ने लिखे मुख्यमंत्री को पत्र


झांसी, 17 अप्रैल (हि.स.)। झांसी-ललितपुर क्षेत्र में स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस गंभीर मुद्दे पर सांसद अनुराग शर्मा और नगर विधायक रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

सांसद अनुराग शर्मा ने अपने पत्र में बताया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं को अचानक बिजली कटौती, अधिक बिल आने और ऐप आधारित रिचार्ज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी जानकारी के अभाव में ग्रामीण और बुजुर्ग उपभोक्ताओं के लिए स्थिति और भी कठिन हो गई है। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि मीटर की रीडिंग तेजी से बढ़ रही है, जिससे बिल अनावश्यक रूप से अधिक आ रहे हैं।

वहीं विधायक रवि शर्मा ने भी स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है और कई मामलों में रिचार्ज के बावजूद बिजली नहीं मिल रही। उन्होंने बताया कि नियमित बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ता भी परेशान हैं और अधिकारियों के व्यवहार को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं।दोनों जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि स्मार्ट मीटर प्रणाली की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाएं और उपभोक्ताओं को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया