home page

ओरछा : जामनी नदी में डूबे झांसी के दो किशोर, माैत

 | 
ओरछा : जामनी नदी में डूबे झांसी के दो किशोर, माैत


दोनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए

झांसी, (ओरछा) 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी की सीमा से सटे हुए मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले की पर्यटन नगरी ओरछा में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में झांसी के दो किशोरों की जामनी नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद झांसी के अलीगोल मोहल्ले सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों पर मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों के शव घर पहुंचे तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

जानकारी के अनुसार, झांसी के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित अलीगोल मोहल्ला निवासी 17 वर्षीय अकरम बहाजुद्दीन और 16 वर्षीय शहजाद उर्फ आसिफ खान शुक्रवार सुबह ओरछा स्थित जामनी नदी के घाट पर नहाने गए थे। नहाते समय दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और पर्यटक चौकी पर तैनात गोताखोर मौके पर पहुंच गए। संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। स्थानीय पर्यटक गोताखोर पुष्पेंद्र केवट उर्फ झगडू और मुकेश केवट ने भी बचाव अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग किया। काफी प्रयासों के बाद दोनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। जैसे ही दोनों शव झांसी पहुंचे, मोहल्ले में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग मृतकों के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

इधर, ओरछा की बेतवा और जामनी नदी में लगातार हो रही डूबने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन दिन पहले भी पृथ्वीपुर निवासी विवेक सोनी उर्फ किट्टू की नदी में नहाने के दौरान पैर फिसलने से मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने नदी घाटों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की सतर्कता बढ़े तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।

इनका है कहना

इस संबंध में ओरछा नगर निरीक्षक रामबाबू शर्मा ने बताया कि दोनों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया