home page

होमगार्ड भर्ती परीक्षा : दूसरे दिन 5300 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

 | 
होमगार्ड भर्ती परीक्षा : दूसरे दिन 5300 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा


एडीजी ने परखी परीक्षा की सुचिता,सीसीटीवी निगरानी में नकल विहीन आयोजन

झांसी, 26 अप्रैल (हि.स.)। झांसी में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की होमगार्ड्स भर्ती-2025 लिखित परीक्षा दूसरे दिन भी 28 केंद्रों पर शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। चिलचिलाती धूप में 43 डिग्री सेल्सियस के तापमान पर दोनों पालियों में कुल 5300 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। एडीजी कानपुर जोन आलोक कुमार सिंह ने जिलाधिकारी गौरांग राठी और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के साथ बुंदेलखंड विश्वविद्यालय व अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम, सीसीटीवी और वॉइस रिकॉर्डिंग की व्यवस्थाओं को परखा।

निरीक्षण के दौरान बुंदेलखंड विश्वविद्यालय एवं बुंदेलखंड महाविद्यालय सहित अन्य केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैम्प, सीसीटीवी व वॉइस रिकॉर्डर की व्यवस्था को परखा गया। भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नकल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होगी और डुप्लीकेट अभ्यर्थियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। प्रवेश से पहले गहन जांच और महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला कर्मियों द्वारा कराई गई।

इस दौरान एसपी सिटी प्रीति सिंह सहित अन्य अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

प्रथम पाली में 8731, द्वितीय में 8817 अभ्यर्थी शामिल

नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल के अनुसार प्रथम पाली में 11,424 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 8731 उपस्थित रहे, जबकि 2693 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 8817 अभ्यर्थी शामिल हुए और 2607 अनुपस्थित रहे। कुल मिलाकर करीब 5300 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया