झांसी: बीआईईटी हॉस्टल में बीटेक के छात्र ने की आत्महत्या
झांसी, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित बुंदेलखंड इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (BIET) में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 23 वर्षीय बीटेक छात्र अभिषेक गौतम ने फांसी लगाकर कर आत्महत्या कर ली। उसका शव कॉलेज परिसर के पंचवटी हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला, जिससे पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया।
अभिषेक गौतम औरैया जनपद के बंसई गांव का रहने वाला था और उसका परिवार झांसी के राजगढ़ इलाके में रहता है। वह मैकेनिकल ब्रांच से बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र था और हॉस्टल के रूम नंबर S-8 में अकेले रहता था। बुधवार सुबह उसकी मां लगातार उसे फोन कर रही थीं, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिवार की ओर से एक किराएदार को हॉस्टल भेजा गया, जिसने दरवाजे के छेद से झांककर देखा तो अभिषेक का शव फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही हॉस्टल के छात्र, वार्डन और संस्थान के निदेशक मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी। पुलिस को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इनका है कहना
संस्थान के निदेशक जितेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, अभिषेक पढ़ाई को लेकर लंबे समय से तनाव में था। उसके कई विषयों में बैक पेपर थे और हाल ही में भी तीन विषयों में बैक आई थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। दोस्तों के मुताबिक, वह अक्सर उदास रहता था।
बोले थाना प्रभारी
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस छात्र के मोबाइल और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

