home page

बलिनी' के समर्थन में महिला किसानों का प्रदर्शन, फूंका पुतला साजिश के आरोप

 | 
बलिनी' के समर्थन में महिला किसानों का प्रदर्शन, फूंका पुतला साजिश के आरोप


झांसी, 05 अप्रैल (हि.स.)। रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ में बुन्देलखण्ड की बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के खिलाफ कथित साजिश के आरोपों को लेकर महिला डेयरी किसानों और कर्मचारियों ने रविवार को काला पट्टा बांधकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। एकत्रित महिला किसानों ने चेयरमैन मीनेश शाह का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।

प्रदर्शन कर रहीं महिला किसानों में बलिनी चेयरमैन आरती राजपूत ने आरोप लगाया कि एनडीडीबी डेयरी सर्विस द्वारा तकनीकी सहयोग से स्थापित इस कंपनी को अब स्वार्थवश कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में स्थापित बलिनी कंपनी बुन्देलखण्ड के सात जनपदों के 1410 में लगभग 96 हजार महिला सदस्यों के साथ कार्य कर रही है और प्रतिदिन करीब 3 लाख लीटर दूध का संग्रहण कर महिलाओं की आजीविका मजबूत कर रही है।

महिलाओं का आरोप है कि राजस्थान की एक अन्य डेयरी संस्था “पायस” को क्षेत्र में लाकर प्रतिस्पर्धा के नाम पर बलिनी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इससे न केवल संस्था बल्कि इससे जुड़े हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पायस कंपनी स्वयं वित्तीय और प्रबंधन संकट से जूझ रही है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिला किसानों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार या संस्था को कमजोर करने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया