झांसी : 2,07,655 किसानों में से 1,91,755 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार
जिलाधिकारी ने 30 अप्रैल तक किसान आईडी अभियान तेज करने के दिए निर्देश
पीएम किसान सहित सभी योजनाओं का लाभ अब फार्मर आईडी से ही मिलेगा
झांसी, 13 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में किसानों के लिए किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी) बनवाना अब अनिवार्य होता जा रहा है। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि शेष किसानों की फार्मर आईडी 30 अप्रैल तक हर हाल में तैयार की जाए। जिले के 2,07,655 किसानों में से 1,91,755 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है
कृषि एवं राजस्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे एग्रीस्टैक योजना के तहत अब तक करीब 77 प्रतिशत किसानों के पहचान पत्र बन चुके हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य सभी लाभार्थी योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनके पास किसान आईडी होगी। उन्होंने बताया कि मई 2026 से उर्वरक वितरण भी किसान आईडी और फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए आईएफएमएस पोर्टल को एग्रीस्टैक से जोड़ा जा रहा है। वहीं न्यूनतम समर्थन मूल्य पर होने वाली खरीद में भी किसान आईडी अनिवार्य कर दी गई है।
उप कृषि निदेशक एमपी सिंह के अनुसार जिले के 2,07,655 किसानों में से 1,91,755 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। शेष कार्य को अभियान चलाकर जल्द पूरा किया जाएगा। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग अपनी योजनाओं को किसान आईडी से जोड़कर पारदर्शिता और लाभ वितरण सुनिश्चित करें।
66 गेहूं क्रय केंद्रों पर लग रहे विशेष कैंप
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी के निर्देश पर 30 अप्रैल 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए जनपद के 66 गेहूं क्रय केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से किसानों का पंजीकरण कर उन्हें किसान पहचान पत्र से जोड़ा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

