home page

झांसी : चारों विधानसभाओं की अंतिम मतदाता सूची में 14.24 लाख मतदाता दर्ज

 | 
झांसी : चारों विधानसभाओं की अंतिम मतदाता सूची में 14.24 लाख मतदाता दर्ज


झांसी, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिला निर्वाचन अधिकारी मृदुल चौधरी ने 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। कई माह तक चले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद प्रकाशित इस सूची में कुल 14,24,735 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 7,60,472 पुरुष, 6,64,204 महिलाएं और 59 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार हो सकी है। उन्होंने बताया कि यह पुनरीक्षण अभियान 27 अक्टूबर 2025 से 10 अप्रैल 2026 तक 166 दिनों तक चला, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और बूथ लेवल एजेंटों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत 6 जनवरी 2026 को मसौदा सूची प्रकाशित की गई थी, जबकि 6 जनवरी से 6 मार्च तक दावा-आपत्ति दर्ज की गईं। 27 मार्च तक उनके निस्तारण के बाद 10 अप्रैल को अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई। इस दौरान 584 मतदाताओं में विसंगतियां मिलने पर उन्हें सूची से हटाया गया और सभी नोटिसों की शत-प्रतिशत सुनवाई सुनिश्चित की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान राजनीतिक दलों के साथ 18 तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा 16 बैठकें आयोजित की गईं। अंतिम मतदाता सूची प्रत्येक बूथ पर एक सप्ताह तक उपलब्ध रहेगी। साथ ही, 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले नए मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, एसडीएम गोपेश तिवारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया