home page

जेवर एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश को मिलेगी नई पहचान : पंकज चौधरी

 | 
जेवर एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश को मिलेगी नई पहचान : पंकज चौधरी


नोएडा, 28 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज विकास, विश्वास और वैश्विक संभावनाओं की नई पहचान बनकर उभरा है। जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन केवल एक आधारभूत परियोजना का लोकार्पण नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भविष्य, प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊंचाई देने वाला ऐतिहासिक क्षण है। यह एयरपोर्ट प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच, मजबूत नेतृत्व और उत्तर प्रदेश को देश के सबसे विकसित राज्यों में स्थापित करने की प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश के लिए उद्योग, व्यापार, पर्यटन, निर्यात, लॉजिस्टिक्स, निवेश और रोजगार के नए द्वार खोलेगा। इससे गौतमबुद्ध नगर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र सहित आसपास के अनेक जिलों में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। यह परियोजना लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगी, किसानों को बाजार से जोड़ेगी, व्यापारियों को नई सुविधा देगी और निवेशकों के लिए उत्तर प्रदेश को और अधिक आकर्षक बनाएगी।

उन्होंने कहा कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रैपिड रेल, मेट्रो परियोजनाएं, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क और लगभग पूर्णता की ओर बढ़ रहा गंगा एक्सप्रेस-वे ये सभी मिलकर विकास की एक नई संरचना तैयार कर रहे हैं। यह केवल सड़क, रेल और हवाई संपर्क का विस्तार नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, जीवनशैली और अवसरों को बदलने वाली परिवर्तनकारी यात्रा है। इन परियोजनाओं से समय की बचत, व्यापार की सुगमता, उद्योगों का विस्तार और क्षेत्रीय संतुलित और विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि उत्तर प्रदेश को विकास, आधुनिकता, आत्मनिर्भरता और सुशासन का राष्ट्रीय मॉडल बनाया जाए। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट उसी परिवर्तनकारी यात्रा का एक ऐतिहासिक अध्याय है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने उत्तर प्रदेश को नई उड़ान, नई पहचान और नए अवसरों से जोड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी