सपा कार्यालय में मनाई गई जयप्रकाश नारायण और महाराजा अग्रसेन की जयंती
जौनपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर रविवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण और महाराजा अग्रसेन की जयंती मनाई गई। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, जनशक्ति और व्यवस्था परिवर्तन का संदेश दिया। वहीं, महाराजा अग्रसेन ने समानता, सहयोग और लोककल्याण की भावना को प्रोत्साहित किया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए प्रासंगिक हैं।उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन समाज के प्रति समर्पण और जनहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी सद्भाव, समानता और सहयोग की भावना को मजबूत किया जा सकता है।कार्यक्रम में प्रदेश सचिव सुशील दुबे, जिला उपाध्यक्ष हीरालाल विश्वकर्मा सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

