home page

क्रोशिया हस्तकला को आधुनिक रूप देकर जौनपुर की सुप्रिया ने यूपी राइज में हासिल किया प्रथम स्थान

 | 
क्रोशिया हस्तकला को आधुनिक रूप देकर जौनपुर की सुप्रिया ने यूपी राइज में हासिल किया प्रथम स्थान


जौनपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजन करने वाला बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को तिलकधारी पीजी कॉलेज में 'यूपी राइज-2026' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जौनपुर की बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा सुप्रिया ने पारंपरिक क्रोशिया हस्तकला को आधुनिक रूप देकर प्रस्तुत किए गए अपने स्टार्टअप आइडिया के लिए प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में युवाओं ने कृषि, हस्तशिल्प, चिकित्सा, प्रबंधन, ई-कॉमर्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित विभिन्न क्षेत्रों में 11 नवाचार एवं स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए। सुप्रिया ने क्रोशिया क्राफ्ट से फोन कवर, कोस्टर और हेयर क्लिप जैसे आकर्षक उत्पाद तैयार करने की अपनी योजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि पुरस्कार में मिली धनराशि का इस्तेमाल अपने स्टार्टअप को आगे बढ़ाने में करेंगी। प्रतियोगिता में कौशल को सेकेंड रनर-अप तथा सुजल को सांत्वना पुरस्कार मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मेंटॉर ज्योति तिवारी रस्तोगी, अनुपम रघुवंशी और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामाश्रय सिंह ने किया। मेंटॉर ज्योति तिवारी रस्तोगी ने युवाओं से नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है, ऐसे मंच का लाभ उठाना चाहिए।

वहीं, मेंटॉर अनुपम रघुवंशी ने युवाओं को अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्टार्टअप को शुरू करने से पहले बाजार की जरूरतों को समझना और गहन मार्केट रिसर्च करना जरूरी है।

कार्यक्रम स्थल पर विशेष 'शक्ति जोन' भी बनाया गया, जहां विद्यार्थियों ने आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश को लेकर अपने विचार और सपने साझा किए। प्रस्तुत स्टार्टअप में ऑक्टो फ्लो, मशरूम फार्मिंग, कृषि नेत्र, फ्रेश फोल्ड, इंस्टेंट कारीगर, डीजी दुकान और एआई आधारित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्रमुख रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव