home page

जौनपुर के पहलवान सौरभ यादव का सीनियर वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप के लिए चयन

 | 
जौनपुर के पहलवान सौरभ यादव का सीनियर वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप के लिए चयन


जौनपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सदर तहसील अंतर्गत गजना गांव निवासी पहलवान सौरभ यादव का चयन सीनियर वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप के लिए हुआ है। वह 79 किलोग्राम भारवर्ग की फ्रीस्टाइल स्पर्धा में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंगलवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल ने सौरभ को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की।

राष्ट्रीय पहलवान लालमन यादव के पुत्र सौरभ ने हाल ही में थाईलैंड में आयोजित जूनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया था। इसके बाद लखनऊ में आयोजित ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन सीनियर वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप के लिए किया गया। यह प्रतियोगिता आगामी नवंबर में कजाकिस्तान में आयोजित होगी।

सौरभ ने कहा कि सरकार की ओर से खेलो इंडिया के तहत खिलाड़ियों को सुविधाएं मिल रही हैं। वह आगामी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी एकेडमी में अभी तक अभ्यास के लिए हॉल नहीं बन पाया है। प्रशासन के सहयोग से हॉल का निर्माण और खिलाड़ियों के ठहरने के लिए कमरों की व्यवस्था हो जाए तो अभ्यास में काफी मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी सैमुअल पाल ने कहा कि गांवों से निकलकर खेल के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाले सौरभ जैसे खिलाड़ी जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने खेल अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बुलाकर सम्मानित किया जाए।

डीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के दौरान कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली जाती है, ताकि उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जा सके

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव