मूसलाधार बारिश से जौनपुर बेहाल, शहर से गांव तक जलभराव
जौनपुर,13 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में गुरुवार को करीब एक घंटे हुई मूसलाधार बारिश ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक की व्यवस्था की पोल खोल दी। दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुई बारिश 2 बजे तक जारी रही। तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। सड़कें पानी में डूब गईं और निचले इलाकों के कई घरों में भी पानी घुस गया।
शहर की रुहट्टा कॉलोनी ओलांदगंज पॉलिटेक्निक चौराहे, कचेहरी समेत कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर रही। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के नाले और नालियां बारिश के पानी से पूरी तरह भर गए, जिससे जल निकासी बाधित हुई। लोगों को पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ा। कई सड़कें और गलियां तालाब जैसी नजर आईं।
नगर पालिका की ओर से नालों की सफाई लगातार कराए जाने के दावों के बावजूद बारिश के दौरान जलभराव की समस्या ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के पानी की समुचित निकासी नहीं होने से हर वर्ष ऐसे हालात बनते हैं।
वहीं, खुले बिजली के खंभे भी लोगों के लिए चिंता का कारण बने रहे। बारिश से पहले विद्युत विभाग और जिला प्रशासन की ओर से बिजली के खंभों को पॉलीथीन या प्लास्टिक पाइप से सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नगर के कई स्थानों पर खंभे अब भी खुले पड़े हैं। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
जलभराव के कारण सड़कों के गड्ढे दिखाई नहीं देने से वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। कई दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंस गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने, खुले बिजली खंभों को सुरक्षित करने और जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि जहां पर भी जलभराव हुआ है वहां की व्यवस्था जल्द सुधारी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

