home page

जौनपुर को मिले तीन नए अग्निशमन वाहन, आग और आपदा से निपटने की क्षमता बढ़ी

 | 
जौनपुर को मिले तीन नए अग्निशमन वाहन, आग और आपदा से निपटने की क्षमता बढ़ी


जौनपुर को मिले तीन नए अग्निशमन वाहन, आग और आपदा से निपटने की क्षमता बढ़ी


जौनपुर, 18 सितम्बर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर जिले में अग्निसुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शुक्रवार को तीन नए अग्निशमन एवं रेस्क्यू वाहन उपलब्ध कराए गए। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन परिसर से एएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित अग्निशमन केंद्रों के लिए रवाना किया।

अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से उपलब्ध कराए गए वाहनों में 18 हजार लीटर क्षमता का एक वाटर बाउजर, पांच हजार लीटर क्षमता का एक फोम टेंडर और एक रेस्क्यू टेंडर शामिल है। इन आधुनिक वाहनों की मदद से आगजनी के साथ ही विभिन्न आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य को तेजी से संचालित किया जा सकेगा।

नए वाहनों से शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों के साथ जिले के ग्रामीण इलाकों में भी अग्निशमन विभाग की क्षमता बढ़ेगी। एएसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक नगर गोल्डी गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी आर.पी. राय, अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी समेत अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव