जौनपुर पुलिस को मिला हाईटेक इंटरसेप्टर कैमरा, एक किलोमीटर दूर से ओवरस्पीड वाहनों का कटेगा ई-चालान
जौनपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। जौनपुर पुलिस को यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण के लिए अत्याधुनिक इंटरसेप्टर कैमरा उपलब्ध कराया गया है। यह हाईटेक कैमरा हाईवे पर एक किलोमीटर की दूरी से ही ओवरस्पीड वाहनों की पहचान कर उनका स्वतः ई-चालान करने में सक्षम है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने मंगलवार काे वैन युक्त कैमरे को हरि झंडी दिखाकर पुलिस लाइन से रवाना किया।
एएसपी ने बताया कि नई तकनीक से लैस यह इंटरसेप्टर कैमरा सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी प्रभावी भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से संदिग्ध वाहनों की पहचान, अवैध गतिविधियों की निगरानी तथा हाईवे पर अपराधियों की धरपकड़ में पुलिस को मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कैमरा निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से चलने वाले वाहनों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करेगा और संबंधित वाहन का ई-चालान स्वतः जारी किया जा सकेगा। इससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इंटरसेप्टर कैमरे के संचालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने के साथ कानून व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही हाईवे पर निगरानी और अधिक प्रभावी होगी तथा नियम तोड़ने वालों के लिए बच निकलना आसान नहीं रहेगा।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का सम्मान करने की अपील की है, ताकि सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

