आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा के समन्वय से स्वस्थ समाज की दिशा में बढ़ा जौनपुर
जौनपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा के समन्वय तथा स्वस्थ जीवनशैली को लेकर कुंवर दास सेवा आश्रम हॉस्पिटल में सोमवार को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया । लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ की ओर से आयोजित ‘सम्पूर्ण संवाद’ में दोनों चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ एक मंच पर आए और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।‘आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा : स्वास्थ्य के दो आयाम—सम्पूर्ण संवाद’ विषयक कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों चिकित्सा पद्धतियों को लेकर लोगों की जिज्ञासाओं और भ्रांतियों को दूर करना तथा प्रमाणिक चिकित्सकीय जानकारी उपलब्ध कराना रहा।आधुनिक चिकित्सा की ओर से वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राम अवध यादव, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. वी.एस. उपाध्याय और फिजिशियन डॉ. अंशु कुमारी ने समय पर जांच, उचित उपचार और चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं शकुंतला यादव आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. बीना त्रिपाठी, डिप्टी मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. अरुण कुमार तिवारी और वाइस प्रिंसिपल डॉ. जी.एस. यादव ने आयुर्वेद की जीवनशैली, आहार-विहार, दिनचर्या और रोगों से बचाव के उपाय बताए।विशेषज्ञों ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए बीमारी का उपचार ही नहीं, बल्कि संतुलित खान-पान, नियमित व्यायाम, उचित दिनचर्या और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी जरूरी है। किसी भी औषधि का सेवन चिकित्सक की सलाह से करने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. शंकुतला यादव ने कहा कि ऐसे संवाद आमजन और विशेषज्ञों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करते हैं। लायंस क्लब ‘गोमती’ के उपाध्यक्ष शिवकुमार साहू की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में सचिव लायन नवीन मिश्रा सहित क्लब के पदाधिकारी, चिकित्सक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछे, जिनका चिकित्सकों ने समाधान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

