जौनपुर : संचारी रोग नियंत्रण अभियान ‘दस्तक’ का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकाली
जौनपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ गुरुवार को टीबी चिकित्सालय परिसर से हुआ। विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने अभियान के संबंध में शपथ दिलाने के बाद जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के दौरान लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए पोस्टर और पंपलेट वितरित किए गए। इस दौरान‘जल जमाव होगा जहां, मच्छर पैदा होंगे वहां’, ‘साफ पानी, साफ हाथ, संचारी रोगों को देंगे मात’ और ‘हम सबने यह ठाना है, संचारी रोग भगाना है’ जैसे स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
विधान परिषद सदस्य ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को पूरी गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने सभी गतिविधियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूरा करने और उनकी सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
रैली टीबी चिकित्सालय परिसर से शुरू होकर गांधी तिराहा होते हुए पुनः टीबी चिकित्सालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. आलोक कुमार सिंह, डीटीओ डॉ. विशाल यादव, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, डॉ. सुशील अग्रहरि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
संचारी दस्तक अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान पंचायती राज, नगर विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन और कृषि विभाग समेत अन्य विभागों के सहयोग से साफ-सफाई, झाड़ी कटाई, जल निकासी, एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव, फॉगिंग, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे और सोर्स रिडक्शन की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। साथ ही किसानों, पशुपालकों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आमजन को संचारी रोगों से बचाव, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

