जौनपुर में 9.80 करोड़ का ड्रग वेयर हाउस एक साल से तैयार, हैंडओवर का इंतजार
विद्युतीकरण नहीं होने से अटका संचालन, स्वास्थ्य विभाग हर माह दो लाख रुपये किराए पर रख रहा दवाएं
जौनपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गौराबादशाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में 9.80 करोड़ रुपये की लागत से बना ड्रग वेयर हाउस करीब एक साल से तैयार है, लेकिन अभी तक स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है। भवन का विद्युतीकरण न होने के कारण इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। वहीं, दवाओं के भंडारण के लिए स्वास्थ्य विभाग को हर महीने करीब दो लाख रुपये किराया देना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दवाओं और अन्य जरूरी संसाधनों की आपूर्ति की जाती है। इनके सुरक्षित भंडारण के लिए लंबे समय से अलग वेयर हाउस की जरूरत महसूस की जा रही थी। फिलहाल पिछले करीब दो दशक से दवाओं का स्टोर कुष्ठ रोग कार्यालय के पुराने और जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। वैक्सीन के भंडारण के लिए भी अलग व्यवस्था करनी पड़ रही है।
पहले सीहीपुर में ड्रग वेयर हाउस बनाने के लिए जमीन चिह्नित कर टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई थी। हालांकि, प्रस्तावित स्थल के ऊपर से बिजली की लाइन गुजरने के कारण अतिरिक्त खर्च की स्थिति बनी। इसके चलते वहां निर्माण रोक दिया गया। बाद में गौराबादशाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में नए स्थल पर ड्रग वेयर हाउस का निर्माण शुरू किया गया।
ड्रग वेयर हाउस का निर्माण छह अप्रैल 2023 को शुरू हुआ था। भवन करीब एक साल पहले ही बनकर तैयार हो गया, लेकिन विद्युतीकरण का काम पूरा न होने से हैंडओवर की प्रक्रिया अटकी हुई है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस ने करीब एक माह पहले विद्युत विभाग को कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। लेकिन अभी तक बिजली विभाग की ओर से एस्टीमेट तैयार नहीं किया गया है।
वेयर हाउस में कोल्ड रूम समेत अन्य उपकरणों के संचालन के लिए करीब 70 किलोवाट बिजली की जरूरत होगी। बिजली कनेक्शन नहीं मिलने से भवन का उपयोग नहीं हो पा रहा है और स्वास्थ्य विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था पर हर माह दो लाख रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
इस संबंध में रविवार को सीएनडीएस के जेई आकाश कुमार यादव ने बताया कि भवन जल्द ही स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शेष ढाई करोड़ रुपये के भुगतान के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है।
इस मामले में जानकारी लेने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ गंगा राम ने बताया कि शासन को पत्र लिखा गया है जल्द ही भवन विभाग को मिलने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

