home page

जौनपुर से 151 श्रद्धालुओं का जत्था अमरनाथ यात्रा पर रवाना

 | 
जौनपुर से 151 श्रद्धालुओं का जत्था अमरनाथ यात्रा पर रवाना


जौनपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले में जय बाबा अमरनाथ बर्फानी सेवा समिति के तत्वावधान में सोमवार शाम जौनपुर से 151 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा अमरनाथ के पवित्र दर्शन के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु बेगमपुरा एक्सप्रेस और बसों के माध्यम से जम्मू-कश्मीर के लिए निकले। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

समिति पिछले 24 वर्षों से लगातार अमरनाथ यात्रा का सफल आयोजन कर रही है। इस वर्ष यात्रा का नेतृत्व तीर्थराज धर्मपाल 'नेताजी' कर रहे हैं। समिति के प्रमुख सेवादार अजय वर्मा ने बताया कि यात्रा में पुरुषों, महिलाओं, बच्चों और साधु-संतों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए हैं। यात्रा से पहले सभी यात्रियों को अलग-अलग टोलियों में आवश्यक दिशा-निर्देश और सुरक्षा संबंधी जानकारी भी दी गई।

रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं का भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रेलवे स्टेशन से शुरू हुई यह यात्रा सब्जी मंडी, कोतवाली, चहारसू और ओलंदगंज होते हुए आगे बढ़ी। श्रद्धालुओं के हाथों में भगवा ध्वज और त्रिशूल थे, जबकि बैंड-बाजों की धुन तथा बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा शहर शिवमय हो उठा। मार्ग में लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।

वर्मा ने बताया कि बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा दक्षिण कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित है। प्राकृतिक रूप से बनी इस गुफा में प्रतिवर्ष बर्फ से स्वयंभू शिवलिंग का निर्माण होता है, जिसके दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इसी गुफा में भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य यानी अमर कथा सुनाई थी। इसी आस्था और श्रद्धा के साथ जौनपुर से निकला यह जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकुशल लौटने की कामना के साथ रवाना हुआ।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव