जन्माष्टमी को लेकर सजे जौनपुर के बाजार, लड्डू गोपाल के श्रृंगार सामानों की बढ़ी मांग
जौनपुर, 31अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर जौनपुर शहर के बाजार सजने लगे हैं। चार सितंबर, शुक्रवार को मनाए जाने वाले जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर शहर के प्रमुख बाजारों में लड्डू गोपाल की प्रतिमाओं, आकर्षक पोशाक, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख, झूले और साज-श्रृंगार की सामग्री की दुकानें सज गई हैं। पर्व नजदीक आने के साथ ही बाजारों में चहल-पहल भी बढ़ने लगी है।
दुकानों पर लड्डू गोपाल की पोशाक 20 से 900 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध है। श्रृंगार सामग्री 20 से 400-500 रुपये, झूले 100 से 1000 रुपये, सिंहासन 150 से 700 रुपये, माला 10 से 200 रुपये और पगड़ी पांच से 400 रुपये तक में मिल रही है। राधा-कृष्ण की पोशाक भी 20 से 900 रुपये तक उपलब्ध है। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।
इस बार बाजार में लड्डू गोपाल के लिए कई नई डिजाइन की सामग्री आई है। वृंदावन की पगड़ी, मथुरा के झूले, मोरपंखी मुकुट, मोती की माला और डायमंड जड़ित बांसुरी श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। रेशम की गद्दी और तकिया के साथ विभिन्न रंगों व डिजाइन की पोशाक भी उपलब्ध है। डायमंड जड़ित झूले और मुकुट के साथ मोरपंखी आभूषण लोगों की पसंद बने हुए हैं।
शहर के फलवाली गली स्थित बाबाजी की दुकान के संचालक पवन साहू ने साेमवार काे बताया कि अभी जन्माष्टमी के सामान की खरीदारी के लिए कम ग्राहक पहुंच रहे हैं। इसका एक कारण हाल ही में समाप्त हुआ रक्षाबंधन का बाजार भी है। उन्हें उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में खरीदारी में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार जन्माष्टमी की सामग्री के दाम में मामूली वृद्धि हुई है। भगवान के वस्त्रों की कीमत पांच से दस रुपये तक बढ़ी है, जबकि मुकुट, बांसुरी, आभूषण और अन्य सामग्री के दाम भी कुछ बढ़े हैं।
वहीं, पुलिस लाइन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर भव्य सजावट की तैयारियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। दुकान पर खरीदारी कर रही महिला कविता गुप्ता ने बताया कि रक्षाबंधन के पर्व भी काफी लोगों ने लड्डू गोपालकी की मूर्तियां खरीदी अभी बाजारों में हम लोग लड्डू गोपाल की मूर्तियां खरीद रहे हैं उनके कपड़े भी रंग-बिरंगे बाजारों में बिक रहे हैं जो बहुत ही आकर्षक हैं। भगवान के कपड़ों में कोई खास महंगाई नहीं है पिछली बार की अपेक्षा इस बार मार्केट में नई डिजाइनों भगवान के कपड़े बांसुरी राधा कृष्ण पोशाक अत्यंत आकर्षक है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

