home page

मोदी सरकार ने 12 साल में विकास, विश्वास और जनकल्याण की नई इबारत लिखी: जसवंत सैनी

 | 
मोदी सरकार ने 12 साल में विकास, विश्वास और जनकल्याण की नई इबारत लिखी: जसवंत सैनी


बागपत, 14 जून (हि.स.)। जनकल्याण के मोर्चे पर माेदी सरकार ने कई बड़ी योजनाओं काे लागू कर समाज के हर तबके के उत्थान व विकास काम किया है। जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए, जबकि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के जरिए करोड़ों परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है। पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनाए गए और उज्ज्वला योजना से 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई।

यह उपलब्धियां गिनाते हुए बागपत के प्रभारी मंत्री बागपत जसवंत सैनी ने रविवार काे कलेक्ट्रेट के सभागार में प्रेस कांफ्रेंस की। उन्हाेंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियों का विस्तृत खाका पेश किया। उन्हाेंने इस अवधि काे “विकास, विश्वास और जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा” बताते हुए कहा यह दौर केवल योजनाओं का नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन में ठोस बदलाव का रहा है। किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे खातों में भेजी गई। वहीं मुद्रा और स्वनिधि योजनाओं के जरिए छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया गया, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिला।

प्रभारी मंत्री सैनी ने कहा कि माेदी सरकार ने सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में जनविश्वास को रेखांकित किया। 2014, 2019 और 2024 में लगातार जनादेश को कामकाज पर मुहर बताया गया। डिजिटल गवर्नेंस और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए 4.31 लाख करोड़ रुपये की बचत का दावा करते हुए कहा गया कि इससे पारदर्शिता बढ़ी और फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगी।

इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी तेज प्रगति का दावा किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क 91 हजार किमी से बढ़कर 1.46 लाख किमी हो गया है, जबकि रेलवे का लगभग पूरा ब्रॉडगेज नेटवर्क विद्युतीकृत किया जा चुका है। देश में 164 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें और 26 से ज्यादा शहरों में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार आधुनिक भारत की तस्वीर पेश करता है।

सरकार ने सांस्कृतिक और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीकों को भी मजबूत करने पर जोर दिया। इंडिया गेट पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे प्रोजेक्ट्स का उल्लेख किया गया। वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती साख का जिक्र करते हुए कहा गया कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री और बढ़ते विदेशी निवेश ने भारत को विश्व का भरोसेमंद साझेदार बनाया है। प्रेसवार्ता के इस मौके पर बागपत विधायक योगेश धामा, छपरौली विधायक डॉ अजय तोमर, एसपी बागपत सूरज कुमार राय, जिलाधिकारी बागपत अस्मिता लाल के साथ अन्य लोग भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी