home page

जरीब चौकी का आरओबी देगा कानपुर को जाम से राहत, 320 करोड़ की आएगी लागत : सांसद

 | 
जरीब चौकी का आरओबी देगा कानपुर को जाम से राहत, 320 करोड़ की आएगी लागत : सांसद


कानपुर, 08 मई (हि.स.)। जरीब चौकी रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी ) बनने से कानपुर को भीषण जाम और दक्षिण-उत्तर कनेक्टिविटी की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। शहर के विकास और जनता की सुविधा के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं। यह बातें शुक्रवार को सांसद रमेश अवस्थी ने जरीब चौकी चौराहा रेलवे ओवर ब्रिज परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में कही।

कानपुर महानगर की बहुप्रतीक्षित जरीब चौकी रेलवे ओवर ब्रिज परियोजना का आज विधिवत भूमि पूजन किया गया। लगभग 320 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आरओबी शहर के यातायात को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भूमि पूजन समारोह सीसामऊ थाने के सामने आयोजित किया गया, जहां सेतु निगम की ओर से भव्य मंच तैयार कराया गया था।

सांसद रमेश अवस्थी के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने इस परियोजना को कानपुर के विकास के लिए अहम कदम बताया।

अपने संबोधन में सांसद रमेश अवस्थी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कानपुर की जनता का विश्वास और समर्थन उन्हें लगातार शहर के विकास कार्यों के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि जरीब चौकी क्षेत्र में लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी होती थी। आरओबी बनने के बाद यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों का समय भी बचेगा।

दोपहर दो बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान पनकी मंदिर और आनंदेश्वर मंदिर के महंतों के साथ क्रिश्चियन एवं मुस्लिम धर्मगुरु भी मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम में सर्वधर्म समभाव का संदेश देखने को मिला।

कार्यक्रम में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, विधायक सुरेंद्र मैथानी, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, पूर्व विधायक राकेश सोनकर, रघुनंदन भदौरिया, अजय कपूर, आर.पी. कुशवाहा, पूनम द्विवेदी, सुनील बजाज, विनोद शुक्ला, रामदेव शुक्ला और एनडीए संयोजक सुरेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हास्य कवि हेमंत पांडे ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप