home page

बांदा : फील्ड टेस्ट किट से हर गांव में पांच महिलाएं कर रहीं पानी की गुणवत्ता की जांच

 | 
बांदा : फील्ड टेस्ट किट से हर गांव में पांच महिलाएं कर रहीं पानी की गुणवत्ता की जांच


बांदा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जल जीवन मिशन के अंतर्गत महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हो रहा है। प्रत्येक राजस्व गांव में पानी की गुणवत्ता की निगरानी की जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपी गई है, जिससे जल आपूर्ति की गुणवत्ता सुनिश्चित हो रही है।

जिले के 649 राजस्व गांवों में कुल 3245 महिलाओं को पानी की जांच का दायित्व दिया गया है। इन महिलाओं में आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम व अन्य शिक्षित महिलाएं शामिल हैं, जिन्हें विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

महिलाओं को विभाग की ओर से फील्ड टेस्ट किट उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से वे पानी के 10 महत्वपूर्ण पैरामीटर की जांच करती हैं। इनमें प्रमुख रूप से पीएच स्तर, क्लोरीन, नाइट्रोजन,

नाइट्रेट, क्लोराइड आदि तत्व शामिल हैं।जांच के दौरान यदि पानी की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है, तो महिलाएं तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करती हैं। इसके बाद विभाग की ओर से आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई कर पानी की गुणवत्ता को ठीक किया जाता है। इस तरह जनपद के 469 गांवों में जल जीवन मिशन के तहत सप्लाई किए जा रहे पानी की नियमित जांच की जा रही है। इससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है और बीमारियों की आशंका भी कम हो रही है।

जल निगम के अधिशासी अभियंता विमल कुमार वर्मा ने बुधवार को बताया कि प्रत्येक राजस्व गांव में पांच महिलाओं को पानी की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं नियमित रूप से सभी मानकों की जांच करती हैं और किसी भी कमी की जानकारी विभाग को देती हैं, जिसके आधार पर तुरंत सुधार किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह