home page

आतंकवाद किसी एक देश का नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए चुनौती : जगदंबिका पाल

 | 
आतंकवाद किसी एक देश का नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए चुनौती : जगदंबिका पाल


सुलतानपुर, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने यह सिद्ध किया है कि आतंकवाद केवल किसी एक देश का नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए चुनौती है। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध हो या पश्चिम एशिया में हमास-इजरायल के बीच तनाव, भारत ने हर मंच पर राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देते हुए कूटनीतिक संतुलन बनाए रखा है।

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगदंबिका पाल रविवार को शहर के बाधमंडी क्षेत्र में आयोजित रामचरितमानस पाठ के समापन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के उपरांत प्रेस वार्ता में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य, राष्ट्रीय राजनीति और विपक्ष की भूमिका पर विस्तार से अपनी बात रखी। ईरान में चल रहे संघर्ष पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति स्पष्ट, संतुलित और शांति पर आधारित है। चाहे ऊर्जा सहयोग का विषय हो, व्यापारिक टैरिफ की चर्चा हो या जलवायु परिवर्तन—भारत की आवाज अब वैश्विक मंचों पर प्रभावी रूप से सुनी जा रही है।

कांग्रेस नेता राहुल गाँधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद भी राहुल गांधी, सोनिया गाँधी और प्रियंका गाँधी अयोध्या स्थित राम मंदिर अयोध्या दर्शन के लिए क्यों नहीं पहुंचे? उन्होंने कहा कि केवल सनातन की बात करना पर्याप्त नहीं, आस्था व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए।

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह बजट और विकास जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाकर सनसनी फैलाने का प्रयास करता है, जबकि जनता का स्पष्ट जनादेश भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में है।

उल्लेखनीय है कि वे 2024 के आम चुनाव में चौथी बार सांसद निर्वाचित हुए हैं। अगस्त 2024 में उन्हें वक्फ विधेयक पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, पूर्व विधायक अनुप संडा, चंद्र प्रकाश अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त