home page

सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी : स्वतंत्र देव सिंह

 | 
सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी : स्वतंत्र देव सिंह


कानपुर, 16 मई (हि.स.)। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। यह बातें शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहीं।

भारतीय जनता पार्टी कानपुर ग्रामीण द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल महा प्रशिक्षण” अभियान का शुभारंभ शनिवार को मोतीझील स्थित होटल रॉयल क्लिफ में किया गया। 17 मई तक चलने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन भाजपा कानपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक उपेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद वंदेमातरम का सामूहिक गायन हुआ।

उद्घाटन सत्र में स्वतंत्र देव सिंह ने “सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं और उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र के साथ करोड़ों गरीब, वंचित, शोषित और पिछड़े लोगों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। इन योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने और अंतिम व्यक्ति को लाभ दिलाने में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना और आवास योजना जैसी योजनाओं में पात्र लोगों का पंजीकरण कराने में भी कार्यकर्ता सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली जमीनी समस्याओं और भ्रष्टाचार की जानकारी शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।

प्रथम सत्र की प्रस्तावना रखते हुए प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी एवं एमएलसी जीतेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और कार्यकर्ताओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना ही इस महाभियान का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के वैचारिक, सामाजिक और संगठनात्मक विकास का माध्यम है।

द्वितीय सत्र में क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू ने “विचार परिवार” विषय पर संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका और राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ ने हर संकट के समय समाज सेवा का कार्य किया है और व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

तृतीय सत्र में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह ने “कार्य पद्धति” विषय पर कहा कि संगठन की मजबूती अनुशासन, समर्पण और निरंतर जनसंपर्क से संभव है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

चतुर्थ सत्र में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष बाबूराम निषाद ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर भाजपा की वैचारिक यात्रा और जनसंघ से भाजपा तक के सफर की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बिना भेदभाव सभी पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

पंचम सत्र में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी एवं क्षेत्रीय संयोजक सोशल मीडिया महेन्द्र विक्रम सिंह ने “मीडिया प्रबंधन व सोशल मीडिया (AI)” विषय पर कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। षष्ठम सत्र में क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह ने “व्यावहारिक सत्र” विषय पर कार्यकर्ताओं को सहभागिता आधारित प्रशिक्षण की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर जिला प्रभारी राधेश्याम पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि दीक्षित, रामशरण कटियार, सुशील कटियार, कृष्णमुरारी शुक्ला, दिनेश कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, ब्लॉक प्रमुख इंद्रजीत सिंह, अनुराधा अवस्थी, अशोक सचान, राजेश शुक्ला, अरुण कोरी, शुभम बाजपेई, जिला महामंत्री समरजीत सिंह, जेपी कटियार, वेदव्रत सचान, जिला उपाध्यक्ष राजेश यादव, जिला मंत्री श्याम सिंह, अंजलि तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी मयंक अवस्थी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप